ऊना/राकेश-:हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की रहने वाली जसविंदर कौर को धार्मिक प्रतीक पहनने के चलते हिमाचल पटवारी भर्ती परीक्षा में प्रवेश नहीं मिल पाया।परीक्षा केंद्र पर एंट्री न मिलने के कारण वह कई वर्षों की मेहनत और तैयारी के बावजूद परीक्षा में शामिल नहीं हो सकीं।इस घटना से आहत जसविंदर कौर ने वीडियो जारी कर अपनी आपबीती साझा की है।
जसविंदर कौर का कहना है कि उन्होंने पटवारी भर्ती परीक्षा के लिए लंबे समय तक कड़ी मेहनत की थी।कई सालों के इंतजार के बाद भर्ती निकली थी और उन्हें उम्मीद थी कि वह परीक्षा देकर अपने सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी,लेकिन धार्मिक प्रतीक धारण करने के चलते उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।जसविंदर कौर ने बताया कि उन्होंने अमृत छका हुआ है और धार्मिक आस्था के चलते वह अपने धार्मिक प्रतीकों को नहीं उतार सकती थीं।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की परीक्षाओं में उन्हें कभी इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा,लेकिन हिमाचल पटवारी भर्ती परीक्षा में उन्हें रोक दिया गया।जसविंदर कौर ने हिमाचल सरकार से इस मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि उनके मामले में उचित कार्रवाई की जाए और उन्हें परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाए,ताकि किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य इस तरह प्रभावित न हो।
