यमुनानगर, 22 नवंबर — मौसम में अचानक बदलाव के कारण अस्पतालों में खांसी व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रादौर सरकारी अस्पताल में भी इस तरह के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। चिकित्सकों की माने तो शाम ढलते ही गुलाबी ठंड और दिन में धूप निकलते ही लापरवाही से लोग सर्दी, खांसी और बुखार जैसी बीमारी की चपेट में आ रहे है। ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों को विशेष हिदायत बरतने की सलाह दी है।
मौसम में आया अचानक बदल..डॉक्टर ने दी ये सलाह
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय परमार ने बताया कि मौसम में आए अचानक बदलाव के कारण छाए कोहरे में प्रदूषण बहुत ज्यादा है। जिसके चलते अस्पताल में सांस से संबंधी समस्याओं के रोगी पहुंच रहे है। इसके आलावा जो पहले से ही सांस के रोगी है, ज्यादा दिक्कत आने लगी है। ऐसे में सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को मुंह ढक कर घर से बाहर निकलना चाहिए। क्योंकि कोहरा बढ़ती उम्र के साथ ही छोटे बच्चों को भी नुकसान पंहुचा रहा है। अचानक मौसम में ठंड आने के कारण कई लोग गर्म कपड़े नहीं पहन रहे है, जिससे ठंड लगने के कारण अस्पताल में सिरदर्द, उल्टी बुखार, व खांसी से प्रभावित लोग पंहुच रहे है। इसलिए सर्दी से बचाव करना चाहिए। वही उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को सुबह कोहरे के समय सैर करने से बचना चाहिए बदलते मौसम में छोटी-छोटी बीमारियां हो रही हैं। सामान्य बुखार होने पर घरेलू उपचार या डॉक्टर के सलाह पर दवा ले सकते हैं। इस समय डेंगू मलेरिया और कई अन्य छोटी बीमारियों के बढ़ने का खतरा अधिक रहता है। इसके लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
