Bhiwani,15 May — राजस्थान की ओर से उठी एक जबरदस्त धूल भरी आंधी ने बुधवार शाम को हरियाणा के कई जिलों को प्रभावित किया। दिल्ली-एनसीआर तक इस तूफान का असर महसूस किया गया। तेज हवाओं के साथ आई धूल की मोटी परत ने करीब 60 किलोमीटर तक का इलाका अपनी चपेट में ले लिया।
भिवानी में धूल की चादर,लोगों की बढ़ी परेशानी
यह धूल भरी आंधी सबसे पहले राजस्थान सीमा पर दिखाई दी और फिर तेज़ी से हरियाणा की तरफ बढ़ी। भिवानी जिले के सिवानी कस्बे में इसका असर खास तौर पर देखा गया। हालांकि हवा की गति सीमित रही,जिससे किसी तरह की बड़ी क्षति नहीं हुई, लेकिन धूल इतनी घनी थी कि लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया। घरों के भीतर और बाहर धूल की मोटी परत जम गई और दृश्यता घटकर लगभग 200 मीटर रह गई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ समय के लिए इलाका पूरी तरह अंधेरे में डूब गया और सड़कों पर आवाजाही मुश्किल हो गई।
