Gurugram, 6 January-:हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित बजट पूर्व कार्यशाला में कहा कि हरियाणा विकसित भारत-2047 का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनेगा। उन्होंने बताया कि राज्य की योजनाएँ व्यापक परामर्श, विशेषज्ञ अध्ययन और गहन शोध के आधार पर बनाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इंडस्ट्री, हेल्थ, आईटी और शिक्षा क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों के साथ बजट पूर्व परामर्श बैठक में हर पहलू पर चर्चा की। इस दौरान उद्योग और मैन्यूफैक्चरिंग संगठनों ने आगामी बजट के लिए सुझाव साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा:पिछले 11 वर्षों में राज्य में विकास के नए आयाम देखने को मिले हैं। सरकार ने ‘डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर’ का गठन किया है, जो वैश्विक परिवर्तनों के अनुकूल नीतियाँ बनाएगा। विभागीय योजनाओं को स्पष्ट विजन से जोड़ना और गतिविधियों के बजाय परिणाम पर ध्यान देना हमारी प्राथमिकता है।
हरियाणा विज़न-2047 के तहत सरकार छः प्रमुख स्तम्भों पर ध्यान केंद्रित करेगी:
वित्त एवं सुरक्षा
शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार
स्वास्थ्य एवं पोषण
कृषि, खाद्य सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण
बुनियादी ढांचा विकास
क्षेत्रीय विकास एवं स्थानीय स्वशासन
मुख्यमंत्री ने एआई आधारित हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक हिंदी, अंग्रेजी और हरियाणवी में सुझाव देकर बजट निर्माण प्रक्रिया में सीधे भाग ले सकेंगे। यह पहल सरकार की पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता और सहभागी शासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
