Una,Rakesh(TSN)-ऊना जिले में स्थित संतोषगढ़ और ऊना के गर्ल्स स्कूलों को मर्ज करने के प्रस्ताव को लेकर उठे विवाद के बाद अब राहत की खबर सामने आई है।पूर्व कांग्रेस विधायक सतपाल रायज़ादा ने मीडिया को जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री से हुई उनकी वार्ता के बाद यह तय किया गया है कि इन दोनों स्कूलों को मर्ज नहीं किया जाएगा।
दरअसल,सरकार द्वारा इन पुराने और प्रतिष्ठित स्कूलों को एकीकृत करने का प्रस्ताव सामने आने के बाद छात्राओं के अभिभावकों में आक्रोश फैल गया था।उन्होंने इसे छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षा के हित में गलत कदम बताते हुए इसका विरोध किया था।इस मुद्दे को लेकर अभिभावकों का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षा अधिकारियों से भी मिला था और ज्ञापन सौंप कर मांग की थी कि स्कूलों को उनके वर्तमान स्वरूप में ही चलने दिया जाए।
मुख्यमंत्री से हुई बातचीत के बाद सरकार का फैसला
पूर्व विधायक रायज़ादा ने बताया कि उन्होंने खुद मुख्यमंत्री से इस विषय पर बातचीत की और यह स्पष्ट किया कि दोनों गर्ल्स स्कूल लंबे समय से क्षेत्र की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं और उनकी अपनी अलग पहचान है। मुख्यमंत्री ने उनकी बात को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि दोनों स्कूलों को मर्ज नहीं किया जाएगा। यह जानकारी रायज़ादा ने प्रेस को दी।इस निर्णय से स्थानीय लोगों और छात्राओं के परिजनों ने राहत की सांस ली है और सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।
