दिल्ली,6 फरवरी -:भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने आज राज्यसभा के शून्यकाल (Zero Hour) में हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की पांगी घाटी के लिए हर मौसम में सड़क संपर्क (ऑल-वेदर कनेक्टिविटी) सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लगभग 25 हजार से अधिक जनजातीय नागरिकों वाले इस क्षेत्र में हर साल करीब आठ महीने तक सड़क संपर्क न होने के कारण स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच गंभीर रूप से प्रभावित होती है।
हर्ष महाजन ने पांगी घाटी की मौजूदा कमजोर सड़क संपर्क समस्या का स्थायी समाधान चंबा–किलाड़ सड़क को ऑल-वेदर रोड में विकसित करने और प्रस्तावित 8.5 किलोमीटर लंबी चेनी पास टनल के निर्माण में बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना घाटी के भौगोलिक अलगाव को दूर करके स्थानीय रोजगार, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देगी।सांसद ने इस मार्ग के सामरिक महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में NH-154A पठानकोट से चंबा तक जुड़ा है और किलाड़ तक सड़क मौसमी है, जबकि लेह तक लगभग 52 किलोमीटर का लिंक अभी विकसित होना शेष है। इस लिंक के पूरा होने से पठानकोट–लेह की दूरी लगभग 800 किलोमीटर से घटकर 450 किलोमीटर और पठानकोट–कारगिल की दूरी 1000 किलोमीटर से घटकर 550 किलोमीटर हो जाएगी।
महाजन ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि चंबा–किलाड़–लेह कॉरिडोर को रणनीतिक रक्षा मार्ग घोषित कर इसके निर्माण और विकास का कार्य बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (BRO) को सौंपा जाए। इससे न केवल सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों का जीवन स्तर सुधरेगा, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा भी मजबूत होगी।
सांसद ने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूरा होने से पांगी घाटी के जनजातीय समाज को सीधे लाभ मिलेगा और पठानकोट कैंटोनमेंट से संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों तक सैन्य आपूर्ति, आपातकालीन तैनाती और मेडिकल एवैक्यूएशन की क्षमता बढ़ेगी।
