अम्बाला -:हरियाणा में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है। अंबाला समेत कई इलाकों में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंचने से दोपहर के समय सड़कें और बाजार सूने नजर आए। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ नौतपा शुरू होता है, जब सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं और गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है।
नौतपा शुरू होते ही अंबाला में तेज गर्मी और लू का असर साफ दिखाई देने लगा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। डॉक्टर और विशेषज्ञ लगातार लोगों को धूप से बचाव की सलाह दे रहे हैं।जाने-माने ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल शर्मा जयपुरी के अनुसार, नौतपा प्रकृति का एक महत्वपूर्ण चक्र है। उनका कहना है कि इस दौरान तेज गर्मी पड़ना सामान्य प्रक्रिया है, जो वातावरण और फसलों दोनों के लिए लाभकारी मानी जाती है। उनका मानना है कि नौतपा से हानिकारक कीट-पतंगों में कमी आती है और कई प्रकार की बीमारियों का खतरा भी घटता है।भीषण गर्मी का असर अब बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है। दुकानदार लोगों को धूप से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दे रहे हैं।दुकानदार अंकित जैन का कहना है कि अगर किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकलना पड़े तो चेहरे को कपड़े से ढककर निकलें और आंखों को तेज धूप से बचाने के लिए चश्मे का इस्तेमाल करें। साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए नींबू पानी, शिकंजी और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते रहना चाहिए।वहीं टोपी विक्रेता राजेश कुमार का कहना है कि नौतपा के दौरान सिर को ढककर बाहर निकलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि चाहे कपड़ा हो या टोपी, सिर को सीधे धूप से बचाना चाहिए ताकि लू और गर्मी का असर कम हो सके। साथ ही बहुत ज्यादा ठंडे पानी की बजाय सामान्य या हल्का ठंडा पानी पीना स्वास्थ्य के लिए बेहतर रहता है।
