अम्बाला -:अंबाला में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। तेल के दाम करीब एक रुपये 61 पैसे प्रति लीटर बढ़ने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। पिछले 15 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल और डीजल के रेट में इजाफा हुआ है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब ट्रांसपोर्ट कारोबार से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक दिखाई देने लगा है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ेगा, जिसका सीधा असर बाजार में बिकने वाली हर चीज पर पड़ेगा। वहीं आम लोग भी बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जता रहे हैं।
15 मई से 25 मई के बीच पेट्रोल और डीजल के दाम चार बार बढ़ चुके हैं। पहले 15 मई को करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई, इसके बाद 19 मई को लगभग 90 पैसे और 23 मई को भी तेल की कीमतों में इजाफा किया गया। अब एक बार फिर पेट्रोल-डीजल महंगा होने से लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।अंबाला के ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि डीजल के दाम बढ़ने से ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ जाएगा और इसका असर हर सामान की कीमत पर पड़ेगा। वहीं हलवाई और ऑटो चालक भी बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों से रोजमर्रा का खर्च बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ सकती है।
