मंडी : धर्मवीर ( TSN)- मंडी जिला के धर्मपुर से दिग्गज नेता रहे पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने डेढ़ साल के अंतराल के बाद एक बार फिर राजनीति में सक्रिय होने की ओर इशारा कर दिया है। इस बात की पुष्टि पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर डाली गई पोस्ट कर रही है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे डाली गई इस पोस्ट में महेंद्र सिंह ठाकुर ने लिखा है “सिर्फ हथियार छोड़े हैं चलाना नहीं भूले हैं” “जय श्री राम हर हर महादेव।
लाहौल स्पीति में मोर्चा संभालते हुए नजर आएंगे महेंद्र सिंह ठाकुर
गौरतलब है कि चुनावों के मद्दे नजर भारतीय जनता पार्टी ने दिग्गज नेता महेंद्र सिंह ठाकुर को लाहौल स्पीति जिला का प्रभारी नियुक्त किया है। बीते दिनों महेंद्र सिंह ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशियों कंगना रानौत व रवि ठाकुर के लिए प्रचार प्रसार किया। लाहौल स्पीति में विधानसभा का उपचुनाव भी निश्चित है। ऐसे में महेंद्र सिंह ठाकुर यहां दोहरी जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आ रहे हैं। लौहाल में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के बाद महेंद्र सिंह ठाकुर बीते रोज धर्मपुर पहुंचे हैं। आज महेंद्र सिंह ठाकुर धर्मपुर में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर की जनसभा की तैयारी में व्यस्त है। एक-दो दिन बाद महेंद्र सिंह ठाकुर लाहौल स्पीति में मोर्चा संभालते हुए नजर आएंगे। महेंद्र सिंह ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि किसी भी कार्यकर्ता के लिए पार्टी सर्वोपरि होती है। उनके लिए भी पार्टी सर्वोपरि है, पार्टी हाई कमान द्वारा सौंपे गए दायित्व का वे निर्वहन कर रहे हैं।
बता दें कि ठाकुर महेंद्र सिंह का धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में एक छत्र राज रहा है। महेंद्र सिंह ने यहां से लगातार सात बार चुनाव जीता है। 1990 से 2017 तक अलग-अलग राजनीतिक दलों से महेंद्र सिंह ने धर्मपुर सीट से जीत दर्ज की है। 2022 के चुनाव में बढ़ती उम्र की पाबंदियों के साथ टिकट कटने के बाद महेंद्र सिंह ठाकुर अपने बेटे रजत ठाकुर को टिकट दिलाने में कामयाब हो गए। लेकिन अपने पहले चुनाव में रजत ठाकुर को हार का सामना करना पड़ा। मंडी जिला की 10 विधानसभा क्षेत्रों में से धर्मपुर ही ऐसी सीट थी जिसमें भारतीय जनता पार्टी की हार हुई है। जिसके बाद महेंद्र सिंह ने राजनीति व नेताओं के कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी। लेकिन अब एक बार फिर से महेंद्र सिंह ठाकुर अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं।
