Dharamshala,Rahul-जहां एक ओर मानसून दस्तक देने को तैयार है,वहीं दूसरी ओर प्री-मानसून की बारिश ने हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। धर्मशाला और कांगड़ा क्षेत्र में आज सुबह से झमाझम बारिश हो रही है।इस लगातार हो रही बारिश के कारण धर्मशाला से गग्गल को जोड़ने वाला चैतड़ू हाईवे मार्ग एक बड़े भूस्खलन की चपेट में आ गया है।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार,पहाड़ियों की असंतुलित खुदाई और ढलानों की कटाई के चलते भूस्खलन हुआ, जिससे रास्ते पर भारी मात्रा में मलबा आ गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए निकलने वाले स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए डीसी कांगड़ा, हेमराज बैरवा ने कहा कि आमतौर पर प्री-मानसून के दौरान बड़े भूस्खलन की संभावना कम होती है, लेकिन जहां-जहां समस्या आ रही है, प्रशासन तत्परता से समाधान में जुटा है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है, वह एक निजी भूमि पर की गई खुदाई का परिणाम हो सकता है।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच की जाए कि क्या यह कटान नियमानुसार किया गया था या नहीं। यदि इसमें कोई नियम उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आगामी मानसून सीज़न के मद्देनज़र सभी विभागों को अलर्ट रहने और आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
