Shimla,Sanju(TSN)-भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए हिमाचल प्रदेश में सर्वधर्म एकता की मिसाल पेश की गई।राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में शनिवार को राजभवन शिमला में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों की विशेष बैठक आयोजित हुई।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी बैठक में शामिल हुए।बैठक का उद्देश्य राज्य में शांति,समरसता और देश की सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करना था।
राज्यपाल ने देशवासियों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की
राज्यपाल शुक्ल ने कहा कि भारत ने हमेशा आतंक के खिलाफ दृढ़ता दिखाई है और मौजूदा स्थिति में भी देश की सेनाएं पूरी तरह सजग हैं।उन्होंने सभी समुदायों से अफवाहों से बचने,शांति बनाए रखने और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास जताने की अपील की।
CM ने दी राहत की जानकारी,कहा-छात्र सुरक्षित,SOP लागू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि राज्य के 39 छात्र जो कश्मीर में थे,उन्हें सुरक्षित लाने के लिए HRTC की तीन बसें भेजी गई हैं और छात्रों से लगातार संपर्क बना हुआ है।उन्होंने शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार से बात कर संवेदनाएं प्रकट कीं।मुख्यमंत्री ने बताया कि नूरपुर,अंब,चिंतपूर्णी और इंदौरा क्षेत्रों में मिसाइल जैसे अवशेष मिले हैं,जिनसे डमटाल में दो मवेशियों की जान चली गई।सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा के लिए पठानकोट जैसी SOP लागू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन कार्यालय अब हर दिन रहेंगे सक्रिय
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन,गृह और अन्य आवश्यक कार्यालयों को सप्ताहांत में भी खुले रखने के निर्देश दिए हैं ताकि हर संभावित आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
