अंबाला-:अंबाला की पड़ाव थाना पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।पुलिस ने मामले में एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य पहले महिला की मदद से लोगों को कमरे में बुलाते थे और इसके बाद अन्य आरोपी वहां पहुंचकर उनके साथ मारपीट करते थे। फिर पीड़ित को छोड़ने के बदले उसके परिजनों से मोटी रकम की मांग की जाती थी।पुलिस के मुताबिक मामला 17 अगस्त का है। महेश नगर निवासी एक व्यक्ति ने पड़ाव थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र से मिलने के लिए एक कमरे में गया था। इसी दौरान कुछ लोग कमरे में पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने कथित तौर पर उसे अपने साथ ले लिया और वापस घर भेजने के बदले उसके परिजनों से पैसे की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी पंजाब का रहने वाला है,जिसे एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था।पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है।रिमांड के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इस तरह की वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नकदी और एक वाहन भी बरामद किया है।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने इससे पहले कितने लोगों को इसी तरीके से अपना शिकार बनाया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गिरोह की अन्य वारदातों और जुड़े लोगों के बारे में भी अहम जानकारी सामने आ सकती है।
