शिमला,संजू-:कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है।भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल के नेतृत्व में विधायक सतपाल सिंह सत्ती,डी.एस. ठाकुर और दिलीप ठाकुर ने एडिशनल एसपी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक शिमला को शिकायत सौंपकर पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा ने अमित शाह के लिए “बौना”, “भगोड़ा”, “तड़ीपार” और “औकात” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत एवं अमर्यादित भाषा स्वस्थ लोकतांत्रिक संवाद के अनुरूप नहीं है।
जमवाल ने कहा कि भाजपा पुलिस को संबंधित वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध करवाएगी। शिकायत में संबंधित बयान के मूल एवं असंपादित वीडियो-ऑडियो सुरक्षित रखने,पूरे बयान और उसके संदर्भ की जांच करने तथा डिजिटल साक्ष्यों को विधिसम्मत तरीके से संरक्षित करने की मांग की गई है।उन्होंने कहा कि जांच में संज्ञेय अपराध के तत्व पाए जाने पर FIR दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
वंदे मातरम् विवाद पर भी कांग्रेस को घेरा
जमवाल ने कहा कि विवाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वंदे मातरम् संबंधी वक्तव्य के बाद सामने आया।उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया और स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् को लेकर राजनीतिक और ऐतिहासिक बहस हो सकती है,लेकिन किसी भी मतभेद का जवाब व्यक्तिगत अपमान से नहीं दिया जाना चाहिए।जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री अथवा किसी अन्य सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति की नीतियों की आलोचना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है।भाजपा ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोष पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
