Mandi- पर्यटन सीजन में कुल्लू-मनाली की ओर बढ़ती भीड़ के बीच कई पर्यटक यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। कोई ट्रैफिक जाम के बीच ओवरटेक कर हालात बिगाड़ रहा है, तो कोई उफनती नदी के किनारे जाकर जान जोखिम में डाल रहा है। ऐसे मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए मंडी सदर थाना पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान काटने के साथ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंडी सदर थाना प्रभारी देश राज ने बताया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मंडी सदर थाना और पंडोह पुलिस चौकी की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। जाम की स्थिति में जब वाहन चालक ओवरटेक करते हैं, तो इससे स्थिति और बिगड़ती है, इसलिए ऐसे चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
देश राज ने दी सख्त हिदायत:
थाना प्रभारी ने बताया कि हाल ही में कुछ पर्यटक चेतावनी बोर्डों की अवहेलना कर नदी किनारे तक पहुंच गए, जिससे जान का खतरा पैदा हो गया। इन लोगों के चालान काटे गए हैं और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई पर्यटक नदी के किनारे जाता दिखे तो उसे रोकें और पुलिस को सूचित करें।
हर दिन तैनात रहते हैं 15-20 पुलिस जवान:
देश राज ने जानकारी दी कि मंडी से लेकर जोगणी माता मंदिर तक हर दिन 15 से 20 पुलिस जवान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रहते हैं। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें,क्योंकि छोटी सी लापरवाही भारी जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
