राहुल चावला ,धर्मशाला – कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वाली के चलवाड़ा निवासी गौरव कुमार और उसके परिवार की 95,67,741 मूल्य की कथित अवैध संपत्ति फ्रीज कर दी है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई है।
जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर को जिला कांगड़ा की विशेष टीम ने गौरव कुमार और उसके सहयोगियों से 1.006 किलोग्राम चरस बरामद की थी। इस संबंध में पुलिस थाना नगरोटा बगवां में अभियोग संख्या 151/25 दर्ज किया गया था।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की वित्तीय जांच शुरू की। जांच में गौरव कुमार, उसके पिता विजय कुमार और जीजा धुन्धी के नाम पर नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस थाना नगरोटा बगवां के प्रभारी ने 22 अप्रैल 2026 को संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए, जिनकी पुष्टि 22 मई 2026 को सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली द्वारा कर दी गई।फ्रीज की गई संपत्तियों में दो आवासीय मकान, दो भूमि के टुकड़े, एक महिंद्रा गाड़ी और एक स्विफ्ट डिजायर कार शामिल हैं। अब आरोपी इन संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना बेच या हस्तांतरित नहीं कर सकेंगे।कांगड़ा पुलिस ने बताया कि इससे पहले बैजनाथ निवासी नशा तस्कर सोनिया राणा की ₹96.77 लाख की संपत्ति भी फ्रीज की जा चुकी है। दोनों मामलों को मिलाकर अब तक कुल ₹1.92 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई की जा चुकी है।पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करी में शामिल लोगों और उनकी अवैध कमाई के खिलाफ भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
