आयुष्मान योजना के भुगतान को लेकर IMA का सरकार के खिलाफ मोर्चा, 1 सितंबर को सांकेतिक हड़ताल
अंबाला-:हरियाणा में आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने वाले निजी अस्पतालों के सामने भुगतान का संकट गहराता जा रहा है। अस्पताल संचालकों का दावा है कि प्रदेश के करीब 480 अस्पतालों का आयुष्मान योजना के तहत 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान सरकार की ओर बकाया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के चलते अस्पतालों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन यानी IMA हरियाणा ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। अंबाला में भी IMA से जुड़े डॉक्टरों ने बकाया भुगतान जल्द जारी करने की मांग उठाई है। IMA ने 1 सितंबर को 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल का फैसला लिया है। वहीं, मांगें पूरी नहीं होने पर 16 सितंबर से आयुष्मान सेवाएं पूरी तरह बंद करने की चेतावनी दी गई है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है,लेकिन अब इसी योजना से जुड़े अस्पताल भुगतान में देरी को लेकर नाराज हैं। अस्पताल संचालकों का कहना है कि मरीजों का इलाज लगातार किया जा रहा है,लेकिन सरकार की ओर से क्लेम का भुगतान समय पर नहीं हो रहा। इसके चलते अस्पतालों के सामने स्टाफ, दवाइयों और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में परेशानी आ रही है।अंबाला में भी इस मुद्दे को लेकर IMA की ओर से सरकार पर जल्द बकाया राशि जारी करने का दबाव बनाया जा रहा है।डॉक्टरों का कहना है कि आयुष्मान योजना का लाभ सीधे गरीब मरीजों को मिलता है,इसलिए भुगतान में देरी का असर पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ सकता है।IMA हरियाणा ने साफ किया है कि अगर सरकार ने बकाया भुगतान को लेकर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल 1 सितंबर की 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल के जरिए सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने की तैयारी है।
