- -इंडस्ट्री एसोसिएशनों ने सरकार व अधिकारियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप,
लुधियाना, 24 मई (दलजीत विक्की)पंजाब सरकार और विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा इंडस्ट्री पर कथित तौर पर थोपे जा रहे उद्योग विरोधी फैसलों और लगातार हो रही परेशानियों के खिलाफ लुधियाना की सभी प्रमुख औद्योगिक एसोसिएशनें सोमवार को फोकल पॉइंट फेज-5 स्थित पंजाब पोल्युशन कंट्रोल बोर्ड कार्यालय के बाहर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगी।
उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों का कहना है कि सरकार और अधिकारियों की नीतियों के कारण उद्योगपति भारी मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय कार्रवाई और नियमों के नाम पर उद्योगों को लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे पंजाब का औद्योगिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
धरने की तैयारियों को लेकर रविवार शाम उद्योगपति नरिंदर भंवरा तथा यूपीसीएमए के चेयरमैन जतिंदर मित्तल ने फोकल पॉइंट फेज-5 पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए उद्योगपतियों और प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों के लिए टेंट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उद्योग प्रतिनिधियों ने पंजाब सरकार और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उद्योगों के प्रति नीतियों में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की इंडस्ट्री पहले ही कई चुनौतियों का सामना कर रही है और सरकार को उद्योगों को राहत देने की बजाय सहयोगात्मक रवैया अपनाना चाहिए।
औद्योगिक संगठनों ने लुधियाना के उद्योगपतियों से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर एकजुटता दिखाने की अपील भी की है।
