अंबाला: हरियाणा से राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा आज अंबाला के समालखा क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने गांव में एक कम्युनिटी सेंटर बनाने की घोषणा की। उन्होंने विश्वास जताया कि अगली बार उनके दौरे तक यह कम्युनिटी सेंटर बनकर तैयार हो जाएगा।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कार्तिकेय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने रणदीप सिंह सुरजेवाला के उस बयान का जवाब दिया, जिसमें हरियाणा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और वह अपना फैसला दे चुकी है। उन्होंने सुरजेवाला को सलाह दी कि वे उन राज्यों पर ध्यान दें, जहां चुनाव हो रहे हैं।वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मंडियों के दौरे और किसानों के मुद्दों को लेकर दिए जा रहे बयानों पर भी शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मंडियों में कोई समस्या नहीं है और कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा सरकार देश में इकलौती ऐसी सरकार है जो 24 फसलों पर किसानों को एमएसपी दे रही है।आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भी उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह तैयार है और इन चुनावों में बड़ी जीत हासिल करेगी। साथ ही, अन्य राज्यों के चुनावी नतीजों पर उन्होंने कहा कि भले ही वे कोई भविष्यवाणी नहीं कर सकते, लेकिन इस बार के परिणाम चौंकाने वाले जरूर होंगे।
