Kullu,19May-पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज कुल्लू नगर में आयोजित गौरवमयी तिरंगा यात्रा में भाग लिया।यह आयोजन विश्व जागृति मिशन द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता और वीर सैनिकों के सम्मान में किया गया।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने नगर के प्रसिद्ध साधना धाम आश्रम पहुंचकर परमपूज्य संत सुधांशु जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के विरुद्ध जो ठोस कार्रवाई की है,वह राष्ट्र की रक्षा क्षमता और नेतृत्व की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचायक है।
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उन्होंने कहा कि यह मिशन आतंकवाद के विरुद्ध भारत की निर्णायक नीति का परिणाम है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लिए गए कठोर निर्णयों की सराहना की, जिनमें सिंधु जल समझौते की समीक्षा और पाकिस्तान को मिलने वाले जल को रोकने की योजनाएं शामिल हैं।उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा यात्रा न केवल सेना के प्रति जनता की श्रद्धा और समर्थन का प्रतीक है,बल्कि यह राष्ट्रीय एकता का संदेश भी देती है।
