फतेहाबाद : चन्द्रिका ( TSN)- कनीना स्कूल बस हा*दसे के बाद अभी भी स्कूल संचालक सबक नहीं ले रहे हैं। कई स्कूल बसों में अभी भी नियम कायदे पूरे नहीं किए जा रहे। इतना ही नहीं ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी सख्ती के दौरान एक और बस चालक श*राब के नशे में मिला। जिस पर बस को इंपाऊंड कर लिया गया। यह बस फतेहाबाद के बहबलपुर गांव स्थित कॉलेज की बताई गई है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा आज चलाए गए अभियान के दौरान इस कॉलेज सहित 5 स्कूलों के वाहनों को परमिट न होने, फिटनेस पास न होने आदि कारणों के चलते इंपाऊंड कर दिया, जबकि अन्य कमियों के चलते तीन स्कूली बसों के चालान किए गए।
टोहाना में तीन दिन के लिए निजी स्कूल बंद
वहीं प्रशासन की सख्ती के बाद आज टोहाना के निजी स्कूल तीन दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं। स्कूल संचालकों द्वारा बीती शाम को ही 15 से 17 अप्रैल तक स्कूल बंद कर देन का ऐलान कर दिया गया था। स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारी बलदेव सैनी ने बताया था कि यह निर्णय आरटीओ द्वारा निजी स्कूल बसों पर लागू किए गए 27 कड़े नियमों के विरोध में तथा मनमाने व्यवहार के खिलाफ है। ट्रैफिक पुलिस लगातार स्कूल बसों की चेकिंग कर रही है। आज लाल बत्ती चौक व पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस आरटीए विभाग के अधिकारियों के साथ नाकाबंदी कर खड़ी रही। इस दौरान आने जाने वाली सभी स्कूल बसों को रोककर चेकिंग की गई। इस दौरान तीन स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य कमियां मिलने पर उनके चालान काटे गए, जबकि पांच वाहनों को इंपाऊंड किया गया। ट्रैफिक पुलिस से हेतराम ने बताया कि बहबलपुर के मुख्तयार सिंह कॉलेज के चालक ने शराब पी रखी थी, जबकि अन्य बसों के परमिट न होने या फिटनेस पास न होने जैसी खामियां मिलीं।
