शिमला,संजु चौधरी (TSN)-मिशन क्लीन अभियान के तहत शिमला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है।शिमला पुलिस ने नशे के सौदागरों की जड़े हिला दी है। पुलिस की सक्रियता को देख कर अब नशा तस्करों में खौफ पैदा हो गया है।राजधानी शिमला में आसानी से मिलने वाले नशा अब कहीं गुम सा हो गया है।पुलिस ने बड़े बड़े ड्रग माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। जिला में नशे के जाल बिछाने वाले 1500 से अधिक नशा तस्कर कालकोठरी में सजा काट रहे है।
राजटा गिरोह से जुड़ा एक और सदस्य चढ़ा पुलिस के हत्थे
शिमला पुलिस के हाथ एक और बड़ी कामयाबी लगी है.शिमला पुलिस ने अंतराज्यीय चिट्ठा तस्कर कपिल राजटा गिरोह से जुड़े एक और नशा तस्कर को पाकिस्तान की सीमा से गिरफ्तार किया है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जुब्बल थाना प्रभारी की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने भारत पाकिस्तान सीमा से महज 3 किलोमीटर दूर स्थित गाँव सिधवां,जिला तरण तारण पंजाब से राजटा गिरोह से जुड़े नशा तस्कर बूटा सिंह को गिरफ्तार किया है।पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने खुलासा किया है कि वह रोहड़ू निवासी कपिल राजटा को चिट्टे की खेप सप्लाई करता था।
इंडो पाक बॉर्डर से पहाड़ों में पहुंचा रहा था चिट्ठा
राजटा गिरोह का नेटवर्क ऊपरी शिमला के दूर दराज इलाकों और और गांव गांव तक फैला हुआ था।कपिल राजटा बड़ी चालाकी से सफेद का काला कारोबार कर रहा था। वह सोच रहा था कि वह कभी पकड़ा नहीं जाएगा,लेकिन कानून के लम्बे हाथों से आज तक कौन बच पाया है।जुर्म करने वाला कितना भी शातिर क्यों न एक न एक दिन उसका पर्दाफाश जरूर होता है।कपिल राजटा को झटका तब लगा जब जुब्बल पुलिस की टीम हाटकोटी-रोहड़ू रोड पर परहाट पुल के पास नाकाबंदी पर थी।नाकेबंदी के दौरान वहां एक कार आई और पुलिस ने कार चेकिंग के लिए रोका। जब पुलिस की टीम ने कार की चेकिंग की तो उससे 252 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। कार में तीन लोग सवार थे। जो पंजाब के फिरोजपुर जिले के गुरु हरसहाय के रहने वाले थे।पुलिस ने जब 252 ग्राम चिट्टे समेत पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सारा सच उगल दिया।आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वो ये चिट्टा रोहड़ू के कपिल राजटा को सप्लाई करने जा रहे थे।जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कपिल राजटा के घर पर छापेमारी की और उसके घर की तलाशी ली।इस दौरान पुलिस ने वहां से 4.5 लाख रुपए,इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और फॉइल पेपर समेत नशे से जुड़ा हुआ संदिग्ध सामान बरामद किया। पुलिस अब तक कपिल राजटा गिरोह के सरगना समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
नशे को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए शिमला पुलिस सजगता से कार्य कर रही है।पुलिस अब तक शाही महात्मा गिरोह, रंजन गिरोह,संदीप शाह गिरोह,सोनू गिरोह जैसे दर्जनों ड्रग माफियाओं का नेटवर्क ध्वस्त कर चुकी है।वहीं पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जो भी नशा फैलाएगा वह सीधा जेल जाएगा।
