मंडी, धर्मवीर ( TSN)- हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन अब अपने उत्पादों को गांव-गांव और कस्बों-कस्बों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करता हुआ नजर आ रहा है। इसी कड़ी में मिल्फ फेडरेशन अब हिमाचल के लोगों को डिस्ट्रिब्यूटर बनने का मौका देने जा रहा है। इसके लिए मिल्क फेडरेशन ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी सांझा करके इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे हैं।
बता दें कि मिल्क फेड के घी, मक्खन, दूध, दही, पनीर, फ्लेवर्ड मिल्क और अन्य उत्पादों की बाजार में भारी मांग रहती है, लेकिन कई छोटे कस्बों में अभी तक यह उत्पाद नहीं पहुंच पा रहे हैं। यही कारण है कि छोटे बाजारों में दूसरी नीजि कंपनियों का कब्जा है। लेकिन अब मिल्क फेड इन छोटे बाजारों में भी दस्तक देने जा रहा है। हाल ही में मंडी, कुल्लू और मनाली सहित अन्य जगहों पर मिल्क फेड के साथ नए डिस्ट्रीब्यूटर जुड़े भी हैं। यह मिल्क फेड के उत्पादों को दुकानदारों तक पहुंचा रहे हैं। इसकी एवज में डिस्ट्रीब्यूटर को निर्धारित कमीशन दी जा रही है। इससे हाथों हाथ मिल्क फेड के ताजा उत्पाद रोजाना बाजारों में पहुंच रहे हैं।
वेबसाइट पर डाला नए डिस्ट्रिब्यूटर के लिए आवेदन का अवसर
बता दें कि प्रदेश में दूध के दाम बढ़ने के बाद मिल्क फेड के पास रोजाना 50 हजार लीटर दूध की खरीद बढ़ी है। इस साल अब तक 13.20 रुपये दूध के दामों में बढ़ोतरी के बाद मिल्क फेड में प्रदेशभर से दूध अधिक मात्रा में पहुंच रहा है। इस बीच अब उत्पाद भी नए बाजारों में पहुंचाने की कवायद चल रही है। मिल्क फेड के मार्केटिंग मैनेजर डा. संदीप ठाकुर ने बताया कि छोटे कस्बों तक पहुंच बनाने के लिए डिस्ट्रीब्यूटर के आवेदन मांगे गए हैं। मिल्क फेड के उत्पाद हर छोटे बड़े कस्बे में उपलब्ध हो, इसके लिए प्रयासरत हैं। जो भी इच्छुक आवेदक है वो फेडरेशन की वेबसाइट या फिर कार्यालय में आकर संपर्क कर सकता है।
