Hamirpur,Arvind Singh-समय से पहले पहुंचे मानसून ने हमीरपुर जिले को भारी नुकसान पहुंचाया है।अब तक जिले में करीब ₹3 करोड़ 45 लाख की क्षति हो चुकी है। सबसे ज्यादा नुकसान लोकनिर्माण विभाग (PWD) को हुआ है,जिसे ₹2 करोड़ 90 लाख से अधिक की क्षति का सामना करना पड़ा है। बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ जगहों पर सड़कें पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गई हैं।
सबसे ज्यादा असर लोकनिर्माण विभाग पर
जल शक्ति विभाग की योजनाएं भी इस बारिश से प्रभावित हुई हैं।मानखड्ड पर बनी उटप साहड़वी योजना की मशीनरी फ्लड में बह गई थी, जिसे बाद में रिकवर कर लिया गया। विभाग को अब तक ₹43 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है।बिजली बोर्ड को भी मॉनसून के चलते ₹7 लाख से अधिक की क्षति उठानी पड़ी है।इसके अलावा एक कच्चा मकान, एक पशुशाला तथा एक डंगा भी गिरा है, जिससे लगभग ₹5 लाख का अतिरिक्त नुकसान हुआ है।
एडीएम हमीरपुर,अभिषेक गर्ग ने जानकारी दी कि लगातार हो रही बारिश के चलते नुकसान का आकलन किया जा रहा है और संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
