Panchkula,7 January-:नगर निगम पंचकूला के आगामी चुनावों को लेकर आरक्षित वार्डों का ड्रा मंगलवार को उपायुक्त एवं गठित समिति के अध्यक्ष सतपाल शर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त कैंप कार्यालय में पारदर्शी ढंग से आयोजित किया गया।
ड्रा प्रक्रिया के दौरान समिति के सदस्य संयुक्त आयुक्त नगर निगम गौरव चौहान, डीएमसी विनोद नेहरा, सहायक नगर योजनाकार दीपक, नगर निगम के जेई सुशील कुमार उपस्थित रहे। इसके साथ ही गैर-सरकारी सदस्यों में रितु गोयल, सोनू बिडला एवं जय कुमार कौशिक ने भी भाग लिया। बैठक में नगर निगम पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल तथा पूर्व पार्षद गौतम प्रसाद और राजेश भी मौजूद रहे।
आरक्षित वार्डों का निर्धारण पर्ची प्रणाली के माध्यम से किया गया। महिला अनुसूचित जाति वर्ग के लिए डाली गई तीन पर्चियों में से वार्ड नंबर 16 को महिला अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित घोषित किया गया। वहीं वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 17 को अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित किया गया।इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 19 को बीसीए महिला तथा वार्ड नंबर 18 को बीसीबी महिला आरक्षित वार्ड घोषित किया गया। सामान्य महिला वर्ग के अंतर्गत वार्ड नंबर 1, 2, 11 और 15 को आरक्षित किया गया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ड्रा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रही, जिससे आगामी नगर निगम चुनावों के लिए आरक्षण प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
