फरीदाबाद, 9 फरवरी-:फरीदाबाद की नीमका जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। जेल में ही बंद अरुण चौधरी नामक कैदी पर हत्या का आरोप लगा है।बताया जा रहा है कि देर रात नुकीली वस्तु से सिर पर वार कर इस वारदात को अंजाम दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। मामले की जांच जारी है।
जेल सूत्रों के अनुसार, आरोपी अरुण चौधरी को कुछ समय पहले ही जम्मू-कश्मीर से नीमका जेल में शिफ्ट किया गया था। हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।गौरतलब है कि 20 वर्षीय आतंकी अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को फरीदाबाद के पाली गांव के पास दो जिंदा हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया गया था। वह उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर का रहने वाला था और अयोध्या में आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में पकड़ा गया था।गुजरात एटीएस, हरियाणा एसटीएफ और केंद्रीय एजेंसी आईबी की संयुक्त कार्रवाई में उसकी गिरफ्तारी हुई थी। उसके पास से राम मंदिर से जुड़ी जानकारियों वाले कुछ वीडियो भी बरामद हुए थे। बम निरोधक दस्ते ने दोनों हैंड ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया था।
