पंचकुला, 9 फरवरी-:हरियाणा के पंचकूला में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। यह ई-मेल पंचकूला कोर्ट के सेशन जज के आधिकारिक मेल पर आया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पंचकूला पुलिस हरकत में आ गई और कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करवाया गया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने कोर्ट परिसर के हर हिस्से में गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई।पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अफवाह या झूठी धमकी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा सकती। इसलिए पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई और कर्मचारियों व आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।उल्लेखनीय है कि इससे पहले 22 जनवरी को भी पंचकूला कोर्ट में सुरक्षा जांच की गई थी। उस दौरान बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौजूद थे, हालांकि पुलिस ने तब उसे मॉक ड्रिल बताया था। लगातार मिल रही ऐसी घटनाओं के चलते न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है।फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है.
