Shimla,Sanju(TSN)–शिमला से सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश कश्यप ने जातीय जनगणना को सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के प्रत्येक वर्ग की वास्तविक स्थिति को उजागर करने में सहायक होगी,जिससे नीतियों का लाभ जरूरतमंदों तक सटीक रूप से पहुंचेगा।
मीडिया से बातचीत में सुरेश कश्यप ने स्पष्ट किया कि भाजपा जातीय जनगणना को केवल एक सांख्यिकीय कवायद नहीं मानती, बल्कि यह एक व्यापक सामाजिक सुधार का माध्यम है।उन्होंने कहा,“जातीय जनगणना से समाज के हर वर्ग को उसकी जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व और संसाधनों में भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।”
कांग्रेस ने की सिर्फ वोट बैंक की राजनीति
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कश्यप ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहते हुए भी कांग्रेस इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर पाई।“कांग्रेस ने सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की है और आरक्षण जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर हमेशा दोहरा रवैया अपनाया है,” उन्होंने कहा।
राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया
राहुल गांधी द्वारा जातीय जनगणना को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कश्यप ने आरोप लगाया कि यह सब महज दिखावा है और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता खुद आरक्षण विरोधी मानसिकता रखते हैं।उन्होंने कहा,“हम नारेबाजी नहीं, नीतिगत बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं। जातीय जनगणना एक क्रांतिकारी कदम है,जो हर वर्ग को उसकी उचित पहचान और हिस्सेदारी दिलाएगा।
