पंचकूला, 3 मार्च -:भाजपा मुख्यालय पंचकमल में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने वित्त वर्ष 2026-27 के हरियाणा बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे दूरदर्शी और समावेशी बजट बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वित्त मंत्री के रूप में प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट विकसित हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, प्रवक्ता नवीन गर्ग, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजय आहूजा तथा जिला मीडिया प्रभारी के. चंदन उपस्थित रहे।
धनखड़ ने कहा कि बजट तैयार करने से पहले प्रदेशभर में हितधारकों के साथ व्यापक संवाद किया गया। कुल 13 बैठकों में 2,199 सुझाव प्राप्त हुए, जबकि एआई चैटबॉट के माध्यम से 12,400 सुझाव मिले, जिनमें से लगभग 5,000 सुझावों को बजट प्रावधानों में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया दर्शाती है कि सरकार जनभागीदारी को प्राथमिकता दे रही है।उन्होंने बताया कि बजट में आर्थिक प्रबंधन को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे के विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, महिलाओं और कम आय वर्ग के लिए आवासीय योजनाओं, सौर ऊर्जा को बढ़ावा, एक लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन तथा सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास जैसे अनेक प्रावधान शामिल किए गए हैं।
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए एचएसआईआईडीसी की भूमि को लीज पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। पं. दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत वार्षिक आय सीमा में विस्तार कर अधिक महिलाओं को लाभान्वित करने का प्रावधान किया गया है।धनखड़ ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2047 तक हरियाणा की जीडीपी को 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। वर्ष 2026-27 के बजट में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत वृद्धि की गई है। बजट में शिक्षा, चिकित्सा, बुनियादी ढांचा, परिवहन, कृषि, महिला एवं बाल विकास, युवा सशक्तिकरण, उद्योग, व्यापार और कानून-व्यवस्था जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट हरियाणा को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
