Mandi,Dharamveer(TSN):देशभक्ति का जज्बा कभी रिटायर नहीं होता—यह बात एक बार फिर साबित की पूर्व सैनिकों ने,जिन्होंने टिहरा यूनिट की बैठक में राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर की।इंडियन एक्स सर्विस लीग की इस बैठक में पूर्व सैनिकों ने स्पष्ट किया कि वे अब भी भारत माता की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे यूनिट अध्यक्ष रमेश तपवाल ने कहा कि पूर्व सैनिक भले ही सक्रिय सेवा से बाहर हो चुके हैं,लेकिन देश के लिए कुछ भी कर गुजरने का जोश आज भी उनके दिलों में ज़िंदा है।उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि यदि सरकार को ज़रूरत महसूस हो,तो वे एक बार फिर सीमा पर जाने को तैयार हैं।
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
रमेश तपवाल ने आम जनता से आग्रह किया कि वे भारतीय सेना पर विश्वास बनाए रखें और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें।उन्होंने कहा कि देश की सेना हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है और जनता का सहयोग इस समय बहुत महत्वपूर्ण है।
