मंडी : धर्मवीर ( TSN)- कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मंडी संसदीय क्षेत्र के सुंदरनगर में आयोजित जनसभा में पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के समय पीएम मोदी एक बार भी हिमाचल नहीं आए। लेकिन चुनावों में जरूर पीएम मोदी हिमाचल आए और धर्म पर भड़काऊ भाषण देकर वोट मांग कर चले गए।
भाजपा ने धनबल के दम पर प्रदेश सरकार को गिराने किया असफल प्रयास
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आते ही भाजपा धर्म और जाति के नाम पर भड़का कर वोट मांगने का कार्य करती है। इन चुनावों में भी पीएम मोदी और इनके नेताओं ने यही रणनीति अपनाई हुई हैं। ताकि महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा सके। प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार को जनता ने चुना है। लेकिन प्रधानमंत्री और अमित शाह ने धनबल के दम पर सरकार को गिराने का असफल प्रयास किया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस तरह के हथकड़े अपना कर लोकतंत्र की ह*त्या की जा रही है। विधायकों को खरीद कर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। किसी विधायक को 50 तो किसी को 100 करोड़ में खरीदा जा रहा है। विधायकों को चोरों की तरह होटल में छिपाया जा रहा है। देश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है और यह देश के लिए खतरे की घंटी है।
