अंबाला-:अंबाला कैंट स्थित क्षेत्रीय अटल कैंसर केयर सेंटर के डॉक्टरों ने एक बेहद दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 14 वर्षीय बच्ची को नया जीवन दिया है। बच्ची लंबे समय से असहनीय पेट दर्द से जूझ रही थी, लेकिन कई निजी अस्पतालों में इलाज के बावजूद बीमारी की सही पहचान नहीं हो सकी। आखिरकार अटल कैंसर केयर सेंटर में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बीमारी का पता लगाया और ढाई घंटे चली कठिन सर्जरी के बाद बच्ची को दर्द से राहत दिलाई। डॉक्टरों के मुताबिक यह बीमारी लाखों में किसी एक बच्ची में देखने को मिलती है।
जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय बच्ची को नवंबर 2025 से पेट में लगातार तेज दर्द की शिकायत थी। परिजन उसे कई निजी अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन न तो बीमारी का सही कारण सामने आया और न ही हालत में सुधार हुआ। इसके बाद 22 अप्रैल को बच्ची को अंबाला कैंट के अटल कैंसर केयर सेंटर लाया गया।यहां वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी राणा भूषण ने बच्ची की गहन जांच और आधुनिक मेडिकल टेस्ट करवाए। जांच में सामने आया कि बच्ची जन्म से ही सर्विक्स यानी बच्चेदानी के मुंह के बिना पैदा हुई थी। यही कारण था कि उसे लगातार असहनीय दर्द का सामना करना पड़ रहा था।बीमारी की पहचान होते ही डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन का फैसला लिया। डॉ. मीनाक्षी राणा भूषण के नेतृत्व में डॉ. अभिषेक भूषण, डॉ. वेद पाठक, डॉ. मोहित और नर्सिंग स्टाफ दिव्या व गुरविंदर की टीम ने करीब ढाई घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।सर्जरी के बाद बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसे लंबे समय से हो रहे दर्द से राहत मिल गई है। बच्ची के परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन का आभार जताया।डॉक्टरों ने इस सफलता का श्रेय आधुनिक मेडिकल सुविधाओं और बेहतर स्वास्थ्य ढांचे को दिया। साथ ही उन्होंने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज और पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल के सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।
