शिमला, संजू -:जिला सोलन के अर्की में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत का मामला अब राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया है। मीडिया द्वारा डॉक्टरों की कथित लापरवाही और स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी को लेकर सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, “अगर पानी नहीं पिएंगे, तो ऐसी बीमारियां होंगी।”
मंत्री के इस बयान को लेकर विपक्ष और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि एक परिवार अपनी सदस्य को खो चुका है और ऐसे समय में सरकार की ओर से संवेदनशील प्रतिक्रिया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया जाना चाहिए था। इसके बजाय दिए गए बयान को कई लोगों ने असंवेदनशील करार दिया है।बताया जा रहा है कि महिला का पथरी का ऑपरेशन अर्की अस्पताल में हुआ था, जिसके दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब कर जांच शुरू करने की बात कही है।
