शिमला : संजु चौधरी (TSN)– कांग्रेस के छह बागी और तीन निर्दलीय नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया है. दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में इन सभी नेताओं ने भाजपा को ज्वाइन किया है.बीजेपी में धर्मशाला से सुधीर शर्मा, सुजानपुर से राजिंदर राणा,लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, गगरेट से चैतन्य शर्मा और कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो बीजेपी में शामिल हो गए हैं.इसके साथ ही तीन निर्दलीय आशीष शर्मा, केएल ठाकुर और होशियार सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है.
भारतीय जनता पार्टी में नए नेताओं की जॉइनिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल के साथ कई अन्य बड़े नेता भी मौजूद रहे.भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए इन नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अपनी आस्था जताई है. हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने दावा किया है कि देश में तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे और इसके साथ ही हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बन जाएगी.
