शिमला/संजू-:हिमकेयर योजना में कथित गड़बड़ी की जांच के बीच भरमौर से भाजपा विधायक डॉ.जनक राज गुरुवार को विजिलेंस कार्यालय पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे कार्यालय पहुंचे डॉ.जनक राज से करीब चार घंटे तक पूछताछ हुई।वह पूर्व भाजपा सरकार के दौरान मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के पद पर रह चुके हैं।पूछताछ के बाद डॉ. जनक राज ने सरकार पर बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि उनका हिमकेयर योजना में किसी तरह की गड़बड़ी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को लगता है कि वह सही है तो पूरे मामले की जांच किसी सिटिंग जज से करवाई जानी चाहिए।
डॉ. जनक राज ने कहा कि हिमकेयर योजना गरीब लोगों के लिए लाई गई थी और इसका लाभ जाति,धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर लोगों को मिला है।उन्होंने कहा कि उनके मेडिकल सुपरिंटेंडेंट रहते करीब 95 करोड़ रुपये के बिल पास किए गए,लेकिन उनके कार्यकाल में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं।नादौन में कैंप लगाने से रोके जाने को लेकर भी डॉ.जनक राज ने सरकार पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि लोग खुद मदद के लिए उन्हें फोन करते हैं।अगर लोगों की मदद करना कानून तोड़ना है तो वह ऐसे कानून तोड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद करना उनका उद्देश्य है और वह किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
