शिमला-:मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से सोमवार को हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र निवासी राजेश शर्मा ने मुलाकात कर अपने पुत्र आदित्य शर्मा की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ में हुई असामयिक मृत्यु के मामले में न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि घटना के बाद अब तक केंद्र सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इस गंभीर मामले को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाए, ताकि घटना की उचित जांच हो सके और परिवार को न्याय मिल सके।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।उन्होंने आश्वासन दिया कि आदित्य शर्मा की मृत्यु से जुड़े सभी तथ्यों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार की भावनाओं को समझती है और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत आदित्य शर्मा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। बैठक में आदित्य शर्मा की माता सुषमा शर्मा भी उपस्थित रहीं।
