पलवल,सुन्दर कुंडू-:पलवल जिले में गुरुवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने बिजली व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया। खराब मौसम के चलते 220 केवी डबल सर्किट पलवल–मीरपुर कुराली ट्रांसमिशन लाइन के दो महत्वपूर्ण टावर गिर गए, जिससे शहर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद हजारों उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 1:50 बजे पलवल–मीरपुर कुराली ट्रांसमिशन लाइन के दोनों सर्किट अचानक ट्रिप हो गए। तकनीकी टीमों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पाया गया कि लाइन के टावर संख्या 4 और 5 क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं। इसके कारण पूरी लाइन की आपूर्ति प्रभावित हो गई और कई पावर हाउसों तक बिजली पहुंचना बंद हो गया।
इस घटना का असर मीरपुर कुराली की 220 केवी सप्लाई पर पड़ा है। इसके साथ ही 66 केवी अलापुर, चांदहट, हंसपुर खादर, पलवल शहर, हुडा और हसनपुर पावर हाउस की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। प्रभावित क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अन्य सेवाओं पर भी असर देखने को मिला।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि टावर गिरने के वास्तविक कारणों और उनकी तकनीकी स्थिति की विस्तृत जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती अनुमान के अनुसार तेज हवाएं और खराब मौसम इस घटना की मुख्य वजह हो सकते हैं।बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। साथ ही वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
