मंडी धर्मवीर -: सूबे में जारी शहरी निकाय व पंचायती राज चुनावों के बीच बीते रोज सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में संपन्न हुई कैबिनेट की बैठक में प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा लिए गए फैसलों पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने निशाना साधा है। मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनावों के दौरान आदर्श आचार संहिता की हर तरीके से उल्लंघना करने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री सुक्खू बन गए हैं। साढ़े तीन साल के कार्यकाल में सरकार अपनी गारंटियों को पूरा नहीं कर पाई, लेकिन चुनावों के दौरान 2 लाख से कम आय वाली महिलाओं को 1500 रुपये देने का फैसला लेना सीधे तौर पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। ऐसे ही और भी फैसले कल सरकार ने आदर्श आचार संहिता के दौरान लिए गए हैं। सीएम सुक्खू इन चुनावों को टालने से लेकर जनादेश को अपनी ओर करने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। जिसके लिए उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों को भी दरकिनार कर दिया है। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 31 मई से पहले चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के आदेश दिए थे। लेकिन सुक्खू सरकार की मनमानी के चलते इस दिनांक तक केवल नतीजे ही सामने आ रहे हैं।
अब विधवाओं और अनाथ बच्चों के नाम पर टैक्स वसूल अपनी सरकार चलाएंगे सीएम सुक्खू:
वहीं जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल ही में सीएम सुक्खू ने सदन में विडो व ऑर्फन बच्चों के नाम पर डीजल-पेट्रोल पर 5 रुपये सेस लगाने का बिल लाया था। जिसके लिए उनकी हर जगह किरकिरी भी हुई थी। जिसके बाद सीएम सुक्खू ने इसे लंबित करने का बयान भी दिया था। लेकिन अब उन्हें जानकारी मिल रही है कि सीएम सुक्खू फिर से इस टैक्स को वसूलने की योजना बना रहें है। हैरानी की बात यह है कि सुक्खू इस पैसे को विधवाओं और अनाथ बच्चों के कल्याण पर नहीं बल्कि अपनी सरकार चलाने के लिए खर्च करने वाले है। जयराम ठाकुर ने कठोर शब्दों में कहा सुक्खू सरकार की यह हरकत उनकी घटिया मानसिकता की ओर इशारा कर रही है।
नेता बड़ा हो या छोटा, अनुशानहीनता को स्वीकार नहीं करेगी भाजपा, बागियों पर भी होगा एक्शन
भाजपा नेताओं के बीच जारी आपसी तनातनी को लेकर पूछे गए सवाल के जबाव में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नेता बड़ा हो या छोटा भाजपा में अनुशासनहीनता को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी चुनावों में बागियों के ऊपर भी नजर बनाए है। घोर उल्लंघना करने वाले बागियों पर भी कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने भी सुक्खू को बताया था षड्यंत्रकारी :
इस मौके पर जयराम ठाकुर ने इशारों इशारों में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह ने सुक्खू को साजिश व षड्यंत्रकारी बताया था और आज यही काम सीएम सुक्खू सत्ता में रहकर कर रहें है। सत्ता में होने के बाद भी सुक्खू लगातार नियमों की अवहेलना कर रहे हैं, जिस कारण आज उनकी हर जगह फजीहत भी हो रही है।
