शिमला, संजू -:शिमला में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बाद मौसम ने अचानक करवट ली है। लगातार 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहे तापमान के कारण लोग उमस और गर्मी से परेशान थे, लेकिन ताज़ा बारिश ने पूरे शहर को राहत पहुंचाई है। बारिश के बाद तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना और ठंडा हो गया है।बारिश के चलते शहर के वातावरण में ताजगी लौट आई है। पहाड़ियों पर छाई धुंध, ठंडी हवाएं और हरियाली ने शिमला की खूबसूरती को फिर से निखार दिया है।
स्थानीय लोग और पर्यटक दोनों ही इस बदलते मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। लंबे समय बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने पर चेहरे खिल उठे हैं।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के कई क्षेत्रों में देर रात से लगातार बारिश हो रही है। विभाग ने 23 मई तक मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई है। इसके बाद 26 मई से मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि 29 मई के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि आने वाले दिनों में मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है।
