Shimla,Sanju-शिमला के प्रसिद्ध जाखू मंदिर में शुक्रवार को एक नया इतिहास रचा गया।भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची प्रतिमा के साथ अब एक 108 फीट ऊंचा भगवा ध्वज भी भक्तों की आस्था का प्रतीक बनेगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को आस्था और संस्कृति का पर्व बताते हुए भविष्य में भगवान श्रीराम की 111 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की योजना का खुलासा किया।हालांकि,उन्होंने कहा कि फिलहाल वन अधिनियम से कुछ अड़चनें हैं,लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जाखू मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं,बल्कि हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान है।उन्होंने कहा कि यहां पहले से ही भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है और अब भगवा ध्वज के फहराने से इस पावन स्थल की भव्यता और बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से भगवान राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान भी किया।
