Chandigarh,12 November-:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में चल रही सभी विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं को तय समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इन परियोजनाओं का उद्देश्य जनता को सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी मासिक प्रगति रिपोर्ट राज्य प्रगति डैशबोर्ड पर अपलोड करें ताकि प्रत्येक परियोजना की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जा सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में राज्य प्रगति डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में 75 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी कार्यों में देरी हो रही है, वहां जिम्मेदारी तय कर त्वरित सुधार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।
बैठक में जानकारी दी गई कि जींद मेडिकल कॉलेज का कार्य अंतिम चरण में है और इसे अगले वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं अंबाला छावनी में बन रहे ‘आज़ादी की पहली लड़ाई’ के शहीद स्मारक का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद, नूंह और हिसार में चल रही अन्य मेगा परियोजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ विकास ही हरियाणा सरकार का लक्ष्य है।
