कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा –जिला कुल्लू के भुंतर हवाई अड्डा से अब राजस्थान के जयपुर के लिए भी हवाई उड़ान शुरू कर दी गई है। यह हवाई उड़ान हफ्ते में दो दिन उड़ेगी और मात्र ₹2500 में सैलानी अब भुंतर से जयपुर का सफर पूरा कर पाएंगे। ऐसे में नई उड़ान शुरू होने से जिला कुल्लू के पर्यटन कारोबार को भी काफी फायदा होगा।
इससे पहले राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर जाने के लिए यात्रियों को अधिकतम टैक्सियों का सहारा लेना पड़ता था और टैक्सी में उन्हें ₹30000 से अधिक का किराया देना पड़ता था। अब भारतीय विमान पतन प्राधिकरण के द्वारा इस हवाई सेवा को शुरू किया गया है। जिससे आने वाले दिनों में यात्री जयपुर से कुल्लू और कुल्लू से जयपुर का रुख कर सकेंगे।
हफ्ते में इन दो दिनों में होगी जयपुर के लिए फ्लाइट
मिली जानकारी के अनुसार एक घंटे 55 मिनट की इस फ्लाइट में एलायंस एयर का 71 सीटर जहाज जयपुर हवाई अड्डे से सुबह 8:20 बजे उड़ान भरेगा और सुबह 10:15 बजे लैंड करेगा। 20 मिनट रुकने के बाद जहाज 10:35 बजे सुबह वापस जयपुर को उड़ेगा और 12:40 बजे पहुंचेगा।भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने फ्लाइट को कुल्लू-जयपुर के लिए हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को चलाने का निर्णय लिया है।भुंतर से देश के दूसरे राज्यों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से कुल्लू-मनाली के साथ राजस्थान के जयपुर में भी पर्यटन कारोबार में वृद्धि होगी। एयरपोर्ट भुंतर के निदेशक सिद्धार्थ कदम ने बताया कि कुल्लू-जयपुर उड़ान से पर्यटन को गति मिलेगी।
