Una,29 September-हौंसलों के दम पर सपनों को साकार किया जा सकता है, इसका उदाहरण बनकर सामने आई है जिला ऊना के बसदेहड़ा गांव की बेटी सिमरनजीत कौर।ट्रक चालक की बेटी सिमरनजीत ने हाल ही में आयोजित न्यायिक सेवा परीक्षा पास कर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
सिमरनजीत ने अपनी सफलता का श्रेय पिता अमरीक सिंह, ताया के बेटे इकबाल सिंह और पूरे परिवार को दिया। उन्होंने बताया कि मंजिल हासिल करने के लिए उन्होंने कठिन संघर्ष किया और रोजाना 15 घंटे से ज्यादा पढ़ाई की। सफलता मिलने के बाद परिवार व रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है और बधाइयों का तांता लगा हुआ है।उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल मैहतपुर से प्राप्त की। इसके बाद पंजाब विश्वविद्यालय से एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई पूरी की। सिमरनजीत ने कहा कि न्यायिक सेवा में जाना उनका सपना था और अब इसे पूरा कर वह बहुत खुश हैं।उन्होंने युवाओं खासकर बेटियों को संदेश देते हुए कहा कि बेटा-बेटी में फर्क न करें। यदि बेटियों को अवसर मिले तो वह भी किसी से पीछे नहीं रहतीं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन रिजल्ट देखकर उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि वह सफल हो गई हैं।परिजनों ने कहा कि सिमरनजीत ने उनका ही नहीं बल्कि पूरे गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी मेहनत से अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी।
