जम्मू (एकता): नवरात्र शुरू होते ही मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार श्रद्धालुओं को अनोखा तोहफा मिलने वाला है। दरअसल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचीं। जहां वह श्रद्धालुओं को कई सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगी। सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को माता वैष्णो देवी भवन में राष्ट्रपति स्काईवॉक, स्वर्ण प्रवेश द्वार और डिजिटल लॉकर का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद वह माता रानी के दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति वीरवार दोपहर जम्मू से पंछी हेलीपैड पर उतरेंगी। राष्ट्रपति के साथ उप राज्यपाल मनोज सिन्हा भी माैजूद रहेंगे। वह हेलीपैड से ही विशेष बैटरी कार में मां वैष्णो देवी भवन के लिए रवाना होंगी। कुछ देर भवन में विश्राम कर मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाएगी। बताया जा रहा है कि द्रौपदी मुर्मू भवन पर रोप-वे केबल कार में सवार होकर भैरों घाटी पहुंचेंगी।

नवरात्र पर श्रद्धालुओं को मिलेगा खास तोहफा
माता वैष्णो देवी भवन के प्रवेश द्वार पर बने स्काईवॉक का नवदुर्गा पथ शारदीय नवरात्र पर भक्तों का स्वागत करेगा। उन्होंने इसकी तस्वीरें भी साझा कीं। स्काईवॉक का विस्तार करने का फैसला काफी सोच समझकर ही लिया गया है। श्रद्धालुओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया। स्काईवॉक जमीन से 20 फीट ऊपर होगा और श्रद्धालुओं को यात्रा में सुगमता प्रदान करेगा।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए कटड़ा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। जगह-जगह नाके लगाए गए। अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए।
