सिरसा (एकता): हरियाणा में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। आपको जानकर हैरानी होगी कि सिरसा का छोरा राजस्थान से अपनी दुल्हनिया को हेलीकॉप्टर से अपने घर लेकर आया। सूत्रों के मुताबिक नाथूसरी चौपटा में दुल्हन को हेलीकॉप्टर में लेकर आने का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया।

खास बात यह है कि दूर-दराज से लोग हेलीकॉप्टर को देखने के लिए गांव नाथूसरी कलां में पहुंचे। बताया जा रहा है कि दहेज में लड़की के पिता द्वारा दी गई नगदी को दूल्हे के पिता रघुबीर सिंह कड़वासरा ने लेने से मना किया। खुशी की बात यह है कि दूल्हे के घर वालों ने दुल्हन पर एक रुपए व एक नारियल लेकर रस्म अदा की। जो कि गांव के लोगों को काफी अच्छा लगा।

गांव नाथूसरी कलां के पूर्व सरपंच स्व. जयकरण कड़वासरा के पौत्र आयुष कड़वासरा की शादी राजस्थान के नोहर गांव के पिचकराई निवासी निशा सुपुत्री भगत सिंह गोदारा के साथ गुरुवार रात को हुई।

शुक्रवार को सुबह के समय गांव पिचकराई से आयुष के साथ लड़की को विदा किया। जब दूल्हा अपने घर में दुल्हनिया लेकर आया तो विदाई के समय ग्रामीणों का तांता लगा रहा। हेलीकॉप्टर की प्रशासनिक अनुमति शादी समारोह के लिए होने के चलते पुलिस भी बड़ी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।

