मंडी : धर्मवीर ( TSN)– हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां पर कुछ नेता जनता को झूठ बोल कर गुमराह करने का प्रयास कर भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के खान पान को लेकर सवाल उठा रहे हैं जोकि सही नहीं है। यदि ऐसा है तो फिर कांग्रेस से भी सवाल किया जा सकता है कि जब सोनिया गांधी इटली में रहती थीं तो वहां पर क्या खाती थीं। लेकिन भाजपा हिमाचल प्रदेश में मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रही है और ऐसी खान पान और रहन सहन की राजनीति कांग्रेस के नेता करते हैं। यह जुबानी ह*मला हिमाचल प्रदेश के पूर्व में रहे सीएम और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी के बालीचौकी में आयोजित एक सभा के दौरान कांग्रेस पर किया।
नेता प्रतिपक्ष बोले – खाना पीना नहीं मुद्दों पर लडेंगे चुनाव
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता कंगना के खाने को लेकर तो सवाल उठा रहे हैं लेकिन पहले वह यह बताएं कि सोनिया गांधी जब इटली में रहती थी तो वह वहां पर क्या खाती थी। इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को चेताया है कि वह मुद्दों पर चुनाव मैदान में आए न कि इस प्रकार आरोप प्रत्यारोप की राजनीति करे। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं के उस बयान का भी करारा जवाब दिया जिसमें कंगना के मुंबई लौट जाने की बात कही जा रही है। जयराम ठाकुर ने सांसद प्रतिभा सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि वह जनता के बीच में इतनी बार सांसद रहकर कितनी बार आई। उन्होंने कहा कि आपदा के समय में भी कांग्रेस के सांसद व सरकार ने मंडी जिला और खासकर सराज को हाशिए पर रखा। उन्होंने सराज के नवलागी में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आज सराज की जनता की ही देन है कि जहां कभी भाजपा का नाम भी नहीं था आज वह सराज भाजपा का गढ़ बन गया है। उन्होंने वोटरों से इस बार पहले से भी ज्यादा बढ़त भाजपा प्रत्याशी को सराज से देने का आहवान भी किया।
