शिमला-: कुमारसैन क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर आभूषण छीनने वाले आरोपी को शिमला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी वारदात के दौरान महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उन्हें असहाय कर देता था और इसके बाद सोने के आभूषण लेकर फरार हो जाता था।पुलिस ने जांच के दौरान ऐसी तीन वारदातों को सुलझाने का दावा किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जेल सिंह पुत्र करण सिंह, निवासी जिला डोडा,जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर के अनुसार पुलिस ने आरोपी को 5 अक्टूबर को नूरपुर से हिरासत में लिया। इसके बाद उसे कुमारसैन थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पहली वारदात 31 अगस्त 2026 को जुब्बड़ के समीप हुई थी। यहां सीमा देवी को रास्ते में रोककर आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और दोनों कानों की बालियां छीन लीं।मामले में कुमारसैन थाना में एफआईआर नंबर 69/2026 दर्ज की गई थी।दूसरी घटना 14 सितंबर को कण्डयाली के पास सामने आई। आरोपी ने सुनो देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। इस मामले में एफआईआर नंबर 71/2026 दर्ज की गई थी।तीसरी वारदात 26 सितंबर को एक महिला के ढाबे पर हुई। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी लगातार तीन दिन तक ढाबे पर आता रहा और वहां की गतिविधियों पर नजर रखता रहा।26 सितंबर को महिला के अकेले होने का फायदा उठाकर उसने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया।इस मामले में एफआईआर नंबर 72/2026 दर्ज हुई।जांच में तीनों घटनाओं में एक जैसा तरीका सामने आने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव खुफिया तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात से पहले क्षेत्र की रेकी करता था और महिलाओं की आवाजाही पर नजर रखता था। सुनसान स्थान पर महिला के अकेले मिलने पर वह वारदात को अंजाम देता था।तीनों शिकायतकर्ताओं ने आरोपी की पहचान भी की है।पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है।उसके खिलाफ थाना सिहुंता,जिला चंबा में 5 मार्च 2026 को एफआईआर नंबर 16/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) में स्नैचिंग का मामला दर्ज है।पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। तीनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
