अम्बाला-:राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास,सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बच्चों को शुरुआती कक्षाओं से ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की शिक्षा देने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही AI से जुड़े सुरक्षा और प्राइवेसी पहलुओं को मजबूत बनाने के लिए भी लगातार सुधार किए जा रहे हैं।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अंबाला के AIMT कॉलेज सभागार में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मंदीप राणा, पार्षद हितेश जैन और गुरविंदर सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सांसद रेखा शर्मा ने कॉलेज परिसर में पौधारोपण कर की।अपने संबोधन में सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को अपना जीवन समर्पित किया है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।डिजिटल इंडिया अभियान और यूपीआई प्रणाली ने देश में डिजिटल भुगतान व्यवस्था को नई पहचान दी है,जिसे अब कई अन्य देश भी अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं।रेखा शर्मा ने कहा कि रक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।AI के बढ़ते उपयोग पर उन्होंने कहा कि छात्रों को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए इसे शिक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है।उन्होंने कहा कि नई तकनीकों के साथ शुरुआती चुनौतियां आती हैं, लेकिन सरकार AI की सुरक्षा और प्राइवेसी से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम कर रही है।
वहीं,तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर सांसद रेखा शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि जैसे हरियाणा में छोटी राजनीतिक पार्टियां कमजोर होती जा रही हैं,वैसे ही राष्ट्रीय स्तर पर भी कई दल अपना जनाधार खो रहे हैं।उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
