Shimla,5 September-शिमला के ऐतिहासिक पीटरहॉफ में राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और शिक्षकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की जबकि तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस वर्ष शिक्षक दिवस पर कुल 38 शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया,जिनमें 26 स्कूल शिक्षक, 6 कॉलेज शिक्षक और 6 तकनीकी शिक्षक शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि पहली बार तकनीकी शिक्षकों को भी इस सम्मान में शामिल किया गया।राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। हमारी संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी ऊँचा स्थान दिया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को भारतीयता और रचनात्मकता पर आधारित बताया तथा हिमाचल की शिक्षा व्यवस्था को देशभर में पांचवें स्थान पर बताया। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान का जिक्र करते हुए शिक्षकों से विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने का आह्वान किया।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस मनाना गौरव की परंपरा है। इस बार तकनीकी शिक्षकों और कॉलेज शिक्षकों को भी सम्मानित कर दायरे का विस्तार किया गया है। सरकार गुणात्मक शिक्षा के लिए निरंतर सुधार कर रही है और आगे भी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य जारी रहेगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि बदलते दौर में शिक्षकों के सामने खुद को अपडेट रखने की चुनौती है। तकनीकी शिक्षकों को पहली बार शिक्षक दिवस पर सम्मानित करना गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में हिमाचल के स्कूल और कॉलेज देश के टॉप-100 संस्थानों में स्थान पाएंगे।
