मंडी : धर्मवीर ( TSN)-चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे के ट्रेफिक मैनेजमेंट में मंडी जिला पुलिस ने दो महत्वूपर्ण बदलाव किए हैं। सुंदरनगर शहर को बाईपास करने के लिए जो फोरलेन बनाया गया था उसपर अब वन-वे ट्रेफिक ही बहाल रखा गया है। कारण, बरसात की वजह फोरलेन की एक साइड का डैमेज हो जाना।
सुंदरनगर बाईपास फोरलेन बरसात के कारण हो गया है क्षतिग्रस्त
एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि सुंदरनगर बाईपास फोरलेन का एक हिस्सा बरसात के कारण काफी क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में सिर्फ एक ही लेन से दोतरफा ट्रेफिक चलाया जा रहा है। इस कारण हादसे होने लग गए थे। इसी बात को ध्यान में रखते हुए अब यहां वन-वे ट्रेफिक को बहाल किया गया है। यदि कोई मनाली से चंडीगढ़ की तरफ जा रहा है तो वह सुंदरनगर बाईपास फोरलेन से होकर ही जाएगा। लेकिन चंडीगढ़ से मनाली की तरफ जाने वालों को सुंदरनगर शहर से होकर जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक क्षतिग्रस्त फोरलेन को पूरी तरह से ठीक नहीं कर दिया जाता।
पुलिस ने पंडोह और विंद्रावणी में स्थापित की अपनी दो अस्थायी चौकियां
इसके साथ ही जिला पुलिस ने मंडी से पंडोह के बीच दो अस्थायी पुलिस चौकियां भी स्थापित कर दी हैं। यह अस्थायी चौकियां मंडी शहर के साथ लगते विंद्रावणी और पंडोह में आर्मी ट्रांजिट कैंप के पास स्थापित की गई हैं। एएसपी ने बताया कि यदि मंडी से पंडोह के बीच कहीं रास्ता बंद हो जाता है तो दोनों तरफ से आने वाले ट्रेफिक को इन अस्थायी चौकियों के पास रोक दिया जाएगा और सड़क बहाल होने पर ही ट्रेफिक आगे भेजा जाएगा। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि हाईवे बंद पर लोग परेशान न हों और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके। इन दोनों चौकियों पर 12 पुलिस जवान दिन-रात तैनात किए गए हैं।
