मंडी : धर्मवीर ( TSN)-मंडी जिला के पधर उपमंडल के राजबन गांव में जारी सर्च ऑपरेशन के आठवें दिन भी लापता हदेव का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। मौके पर मशीन द्वारा बड़ी बड़ी चट्टानों को हटाकर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि राजबन में बादल फटने की घटना में लापता हरदेव को ढूंढने के लिए सर्च अभियान वीरवार को भी जारी रहा। मशीन के द्वारा बड़ी-बड़ी चट्टानों को हटाया गया है, लेकिन हरदेव को ढूंढने में कोई सफलता नहीं मिल पाई है। उन्होंने बताया कि एडीएम डॉ मदन कुमार तेरंग में मौजूद हैं और उनकी देखरेख में ही आज भी सर्च अभियान चलाया गया।
बता दें कि राजबन गांव में बीती 31 जुलाई की रात को बादल फटने की घटना में तीन घर चपेट में आ गए थे। इसमें दो घर पूरी तरह से दब गए थे जबकि तीसरे घर को भी भारी नुकसान पहुंचा था। इन तीन घरों के 12 लोग इसकी चपेट में आए थे जिनमें से 2 घायल थे जबकि 10 लापता हो गए थे।
10 को जिला में बारिश का ऑरेंज अलर्ट:
वहीं उपायुक्त ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा 10 अगस्त को जिला मंडी के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि 9, 11 और 12 अगस्त को जिला के कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है और नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन वाले क्षेत्रों तथा अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से परहेज करने एवं अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने हर स्थिति से निपटने की तैयारी कर रखी है। सड़कों को खुला रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में मशीनरी तैनात कर दी गई है।
